24 अगस्त 2014 - 19:23
ईरान विदेशमंत्री की बग़दाद यात्रा।

ईरान के विदेशमंत्री ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान सदैव ही इराक़ी जनता के साथ रहा है।

अबनाः ईरान के विदेशमंत्री ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान सदैव ही इराक़ी जनता के साथ रहा है।
रविवार को बग़दाद में पत्रकारों से वार्ता करते हुए मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में समस्त देशों के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद, सभी क्षेत्रीय देशों के लिए संयुक्त ख़तरा है। ईरान के विदेशमंत्री ने कहा कि आतंकवाद कोई जातिवादी या सांप्रदायिक हिंसा नहीं है।
इराक़ की अपनी यात्रा के लक्ष्यों का उल्लेख करते हुए जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि ईरान और इराक़ के बीच बहुत घनिष्ट संबन्ध हैं। उन्होंनेकहा कि इस देश में जारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया और इराक़ की संप्रभुता का समर्थन ईरान के लिए विशेष महत्व रखता है। ईरान के विदेशमंत्री ने कहा कि तेहरान सदैव ही इराक़ में क़ानूनी सरकार का समर्थक रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी खुशी की बात है कि इराक़ के नए प्रधानमंत्री का सभी राजनैतिक दल समर्थन करते हैं। एसे में वे इराक़ के राजनैतिक भविष्य का निर्धारण कर सकते हैं।
ज्ञात रहे कि अपने इराक़ी समकक्ष के निमंत्रण पर ईरान के विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ रविवार को इस देश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी को बधाई देने के उद्देश्य से बग़दाद पहुंचे हैं जहां उनकी मुलाक़ात शीघ्र ही प्रधानमंत्री पद छोड़ने वाले नूरी मालेकी से हुई। जवाद ज़रीफ़ इराक़ के राष्ट्रपति फ़ोआद मासूस तथा अन्य अधिकारियों से भी मिलेंगे।